प्रतापगढ़: सालमगढ़ केस में निष्पक्ष जांच की मांग, सर्व हिंदू समाज ने दिया ज्ञापन
सर्व हिंदू समाज ने राजस्व मंत्री, कलक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर फॉरेंसिक जांच, सुरक्षा और कथित लाठीचार्ज की स्वतंत्र जांच की मांग की।

तस्वीर में प्रतापगढ़ में अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि।
प्रतापगढ़। सालमगढ़ थाने में दर्ज FIR संख्या 0158/2026 को लेकर सर्व हिंदू समाज ने राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, कलक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। संगठन ने नाबालिग से जुड़े मामले की जांच के साथ 28 सितंबर को सालमगढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की भी स्वतंत्र जांच की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि 28 सितंबर को दलोट निवासी राधेश्याम की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 137(2), 3(5) और पोक्सो एक्ट की धारा 11 व 12 के तहत मामला दर्ज हुआ था। सर्व हिंदू समाज ने मांग की कि जांच के दौरान अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल, वायरल करने की धमकी या परिवार को धमकी देने जैसे तथ्य सामने आने पर संबंधित धाराएं जोड़ी जाएं। साथ ही आरोपियों के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव के लगाए गए आरोपों की भी जांच कर संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने 28 सितंबर को सालमगढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की वरिष्ठ अधिकारी से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, पुलिस रिकॉर्ड और रोजनामचा सुरक्षित रखने तथा जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
सर्व हिंदू समाज ने पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा, नियमानुसार सरकारी सहायता तथा पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने की मांग की है। इसके साथ ही आरोपियों को कथित पुलिस संरक्षण देने और अवैध निर्माण के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की गई है।
संगठन ने कहा है कि सात दिन में कार्रवाई शुरू नहीं होने पर संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे कार्यक्रम किए जाएंगे। ज्ञापन के जरिए उठाई गई मांगों में FIR की जांच से लेकर कथित लाठीचार्ज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पीड़िता की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शामिल है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
