प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में अनूठी सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन करते हुए आज रिजर्व पुलिस लाइन में रंग तेरस का पर्व अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जहाँ देश के अन्य हिस्सों में होली और धुलेंडी पर रंगों का खेल समाप्त हो जाता है, वहीं प्रतापगढ़ की विशेष परंपरा के अनुसार धुलेंडी पर गुलाल नहीं खेला जाता है। यहाँ होली के ठीक 13 दिन बाद रंग तेरस पर रंगों का उत्सव मनाने की पुरातन परंपरा है, जिसका जीवंत नजारा पुलिस लाइन में देखने को मिला।

इस विशेष आयोजन में पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और रंगों से सराबोर कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उत्सव के दौरान पुलिस महकमे का एक अलग ही मानवीय पक्ष नजर आया, जब खाकी वर्दी के अनुशासित प्रहरी फिल्मी गीतों और डीजे की धुनों पर थिरकते हुए दिखाई दिए।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें पुलिसकर्मियों ने सपरिवार शिरकत की। बड़ी संख्या में महिलाओं और छोटे बच्चों ने भी संगीत की ताल पर नृत्य कर उत्सव की रौनक बढ़ाई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन पुलिसकर्मियों के मानसिक तनाव को कम करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के कारण जवानों को अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के अवसर बेहद कम मिल पाते हैं, ऐसे में परिवार सहित मनाए जाने वाले यह उत्सव न केवल आनंद प्रदान करते हैं बल्कि विभाग में नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story