प्रतापगढ़ में नशा तस्कर रसीद खान की 3.92 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, आलीशान मकान भी शामिल
एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई में आरोपी का आलीशान मकान, जमीन और गाड़ियां जब्त की गईं; तस्कर फिलहाल साबरमती जेल में बंद है।

मकान के बाहर खड़े पुलिसकर्मी नशा तस्कर रसीद खान की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई करते दिख रहे हैं।
प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी निवासी नशा तस्कर रसीद खान की करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। संपत्ति के कुल मूल्य के लिहाज से इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। फ्रीज की गई संपत्तियों में दो मंजिला आलीशान मकान, चारदीवारी सहित जमीन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग का बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रसीद खान पुत्र जलाल खान (45), निवासी देवल्दी, थाना अरनोद लंबे समय से ब्राउन शुगर, एमडी सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। तस्करी से अर्जित अवैध आय के जरिए उसने कम समय में देवल्दी की आबादी भूमि पर दो मंजिला आलीशान मकान और चारदीवारी का निर्माण करवाया। इसके अलावा उसने दो मोटरसाइकिलें अपने विश्वस्त दोस्तों के नाम पर पंजीकृत करवा रखी थीं, लेकिन उनका कब्जा और उपयोग स्वयं करता था।
इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद अरनोद थानाधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के तहत वित्तीय जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्राम पंचायत नौगावां के सचिव और पटवार हल्का नौगावां से संबंधित रिकॉर्ड जुटाया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग से संपत्तियों की वैल्यूएशन रिपोर्ट तथा बैंक खातों और परिवहन विभाग से आवश्यक रिकॉर्ड प्राप्त किए गए। जांच में दोनों मोटरसाइकिलें भी मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई पाई गईं।
पुलिस ने पिछले छह वर्षों के दौरान तस्करी से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश तैयार कर 14 अक्टूबर को कॉम्पिटेंट अथॉरिटी एंड एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा, नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत किया था। मामले की सुनवाई के बाद सफेमा ने 9 नवंबर को आदेश पारित कर सभी संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि कर दी। इसके बाद 11 नवंबर को थाना अरनोद पुलिस ने मौके पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की।
फ्रीज की गई संपत्तियों में देवल्दी की आबादी भूमि पर निर्मित दो मंजिला आलीशान मकान, चारदीवारी और जमीन शामिल हैं। इनका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये आंका गया है। इसके अलावा सुपर स्प्लेंडर और एक्स प्लस 200 मोटरसाइकिलें भी फ्रीज की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये है। इस तरह आरोपी की कुल 3 करोड़ 92 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, रसीद खान के खिलाफ राजस्थान और गुजरात में मादक पदार्थों की तस्करी के दो प्रकरण दर्ज हैं। इनमें गुजरात का मामला भी शामिल है। 5 अगस्त 2025 को गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन ने अहमदाबाद निवासी जावेद उमरभाई मेवाती के कब्जे से 117.690 ग्राम एमडी, 49.890 ग्राम गांजा और नकदी सहित एक कार जब्त की थी। मामले की जांच में सामने आया कि जब्त की गई एमडी और गांजा रसीद खान ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद रसीद खान को 21 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वह वर्तमान में साबरमती सेंट्रल जेल, अहमदाबाद में बंद है।
आरोपी रसीद खान पूर्व में ग्राम पंचायत नौगावां का उपसरपंच भी रह चुका है। प्रतापगढ़ पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार फ्रीज और ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत रसीद खान की 3.92 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करना नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
