प्रतापगढ़ में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एमडीएमए तस्करी से अर्जित करोड़ों रुपये की संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है। हथुनिया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी शोयब मंसूरी की करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के संबंध में थानाधिकारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्तियों की विस्तृत जांच कर प्रस्ताव भारत सरकार की अधिकृत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा गया था। प्रस्ताव स्वीकार होने के बाद 11 जून 2026 को आरोपी के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी किए गए तथा संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड भी लगाए गए।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2024 को थाना सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आई-20 कार से 3 किलो 420 ग्राम एमडीएमए बरामद किया था। इस मामले में जोधपुर निवासी रोशनलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद मादक पदार्थ प्रतापगढ़ जिले के हथुनिया थाना क्षेत्र स्थित असावता निवासी शोयब मंसूरी से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने 25 अप्रैल 2026 को शोयब मंसूरी को गिरफ्तार किया।

वित्तीय जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय का उपयोग कर अपनी मां शेरबानों के नाम पर असावता में एक आलीशान मकान बनवाया, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त आरोपी ने अपनी मां एवं पत्नी नाजमीन के नाम पर रामगढ़ क्षेत्र में कुल 2.59 हेक्टेयर कृषि भूमि भी खरीदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अफीम डोडाचूरा, एमडीएमए और ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त रहा है तथा इसी अवैध कारोबार से अर्जित धन से संपत्तियां खड़ी की गईं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 के बीच प्रतापगढ़, उदयपुर, पाली तथा नारकोटिक्स ब्यूरो मंदसौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह न्यायिक अभिरक्षा में है।

प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त अपराधियों और उन्हें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी आगे निरंतर जारी रखी जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story