ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत थाना प्रतापगढ़ पुलिस और जिला विशेष शाखा की संयुक्त कार्रवाई में मणिपुर से 20.820 किलोग्राम ब्राउन शुगर क्रूड के परिवहन से जुड़े मामले में अंतरिम जमानत पर फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शंभु सिंह झाला और जिला विशेष शाखा की टीम ने 27 अप्रैल 2025 को बगवास क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी लड्डू उर्फ घनश्याम (35) निवासी पलथान को गिरफ्तार किया।

इस मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2025 को हुई थी, जब थाना प्रतापगढ़ पुलिस ने मंदसौर रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक की डीजल टंकी में बनाई गई विशेष स्कीम से 20.820 किलोग्राम अवैध ब्राउन शुगर क्रूड बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

मुख्य आरोपी घनश्याम वैरागी पत्नी के इलाज के लिए अंतरिम जमानत पर बाहर आया था, लेकिन जमानत अवधि समाप्त होने के बाद भी जेल में उपस्थित नहीं हुआ और फरार हो गया। इस पर न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से एक आलीशान मकान, ट्रक और फॉरच्यूनर कार खरीदी थी, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। इन संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज किया जा चुका है।

जिला विशेष शाखा को सूचना मिली कि फरार आरोपी बगवास क्षेत्र में मौजूद है। इस पर थाना प्रतापगढ़ पुलिस और विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रतापगढ़ और जिला विशेष शाखा के अधिकारियों व जवानों की संयुक्त टीम सक्रिय रही।

इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून के शिकंजे को और मजबूत किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story