प्रतापगढ़ मंडी से बाइक चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार; 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
प्रतापगढ़ मंडी से बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ जारी है।

तस्वीर में बायीं तरफ गिरफ्तार आरोपी और दायीं तरफ प्रतापगढ़ कोतवाली थाने के बाहर बरामद मोटरसाइकिलों के साथ खड़ी पुलिस टीम दिखाई दे रही है।
प्रतापगढ़ कोतवाली थाना पुलिस ने कृषि उपज मंडी से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुणाल पुत्र लक्ष्मीनारायण पाटीदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी गादोला थाना रंठाजना, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को कृषि उपज मंडी प्रतापगढ़ निवासी रामेश्वर नाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल नंबर RJ35SC1337 मंडी परिसर में कार्यालय के पास खड़ी की थी। दोपहर करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दिया था।
रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रतापगढ़ में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ अभय कमांड के कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी शुरू की।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को नीमच रोड बाईपास के पास सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए हुलिए से मिलते-जुलते एक युवक को संदिग्ध अवस्था में जाते हुए देखा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कुणाल पाटीदार बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कृषि मंडी परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल नंबर RJ35SC1337 जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने अलग-अलग स्थानों से अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी की सूचना पर पुलिस ने 4 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के 4 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन तथा थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
