प्रतापगढ़: पनावला में मक्के की रखवाली कर रहे युवक को लगी शिकारी की गोली
सुहागपुरा क्षेत्र में नीलगाय के शिकार के दौरान चली गोली युवक के सिर में लगी, गंभीर हालत में उदयपुर रेफर, पुलिस जांच में जुटी।

प्रतापगढ़ के पनावला गांव में मक्के के खेत की रखवाली के दौरान घायल हुए पप्पू गुजर को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के अस्पताल ले जाते परिजन।
प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के पनावला गांव में मक्के की फसल की रखवाली कर रहे एक युवक को अज्ञात शिकारी की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान पाना उर्फ पप्पू गुजर पिता मदनलाल गुजर के रूप में हुई है।
नीलगाय के शिकार के दौरान हादसा
परिजनों के अनुसार पप्पू गुजर अपने खेत पर मक्की की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान क्षेत्र में किसी अज्ञात शिकारी द्वारा नीलगाय के शिकार के उद्देश्य से फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान चलाई गई गोली युवक के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला चिकित्सालय से उदयपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। युवक की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
गांव में आक्रोश और पुलिस जांच
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात शिकारी की तलाश में जुटी है और अवैध शिकार व लापरवाही से फायरिंग के एंगल से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शिकार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
