प्रतापगढ़ | नेशनल हाईवे-56 जैसे अत्यंत व्यस्त मार्ग पर मंगलवार शाम एक गंभीर हादसे ने पेट्रोल पंप प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया। प्रतापगढ़ से प्रतापपुरा की ओर बाइक से जा रहे सतीश पिता रामप्रसाद मीणा, निवासी प्रतापपुरा, सालमगढ़, अपनी पत्नी गुड्डी के साथ बांसवाड़ा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। उसी दौरान पेट्रोल पंप परिसर में कटवाई जा रही पेड़ की एक भारी टहनी अचानक चलती बाइक पर गिर गई, जिससे दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेशनल हाईवे-56 पर पेड़ कटाई का कार्य बिना किसी पूर्व सूचना, चेतावनी संकेतक बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा था। अत्यधिक यातायात दबाव वाले इस मार्ग पर इस तरह की घोर लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। अचानक गिरी टहनी की चपेट में आने से बाइक असंतुलित हो गई और सतीश व उनकी पत्नी गुड्डी सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मानवीय संवेदनशीलता का अभाव भी सामने आया। बताया गया कि पेट्रोल पंप मालिक या वहां मौजूद किसी भी कर्मचारी ने घायलों को चिकित्सालय पहुंचाने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। इस बीच एनएच-56 से गुजर रहे एक कार चालक ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां बुधवार को भी उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद मंगलवार शाम से ही 24 घंटे सेवा देने वाला उक्त पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद कर दिया गया। पंप परिसर पर ताले लटके दिखाई दिए, जबकि पेट्रोल पंप मालिक और स्टाफ मौके से नदारद नजर आए। मामले को लेकर घायलों के परिजनों की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह घटना न केवल सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार प्रबंधन की अनदेखी को दर्शाती है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करती है कि व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस तरह के कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया जाता, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को अपनी जान जोखिम में डालकर चुकाना पड़ता है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story