प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत छोटीसादड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के अंतर्गत नशा तस्करी से अर्जित करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि को फ्रीज कर दिया है। कार्रवाई के बाद जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा और मजबूत होता नजर आ रहा है।

प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य ने बताया कि बसेड़ा निवासी ललित सिंह उर्फ ललित आंजना लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़ के अलावा पाली और सिरोही जिलों में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से बसेड़ा गांव में 3.5 बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि की वर्तमान बाजार कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मामला 30 सितंबर 2021 का है, जब छोटीसादड़ी पुलिस ने गश्त के दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 17 कट्टों में भरा 343 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त डोडाचूरा ललित आंजना द्वारा भेजा गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे बाद में 25 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में आरोपी की वित्तीय जांच कर उसकी चल एवं अचल संपत्तियों की पहचान की गई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के तहत संपत्ति फ्रीजिंग का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की अधिकृत कंपिटेंट अथॉरिटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर सफेमा (एफओपी) एंड एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा गया। वहां से प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

फ्रीजिंग प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद संबंधित कृषि भूमि पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी करने वालों और प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि प्रतापगढ़ जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध संपत्तियों पर यह हाल के समय में चौथी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से जिले में नशा तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story