प्रतापगढ़: ससुराल जा रहे केरवास निवासी व्यक्ति की संदिग्ध मौत
केरवास निवासी नाकुराम ससुराल जाते समय रास्ते में अचेत मिले, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच।

प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्र परिजन, जहां संदिग्ध अवस्था में मिले केरवास निवासी नाकुराम के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
प्रतापगढ़। केरवास थाना प्रतापगढ़ निवासी एक व्यक्ति के ससुराल क्षेत्र में संदिग्ध हालत में अचेत मिलने के बाद उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
घर से ससुराल के लिए निकला था मृतक
जानकारी के अनुसार नाकुराम (40) पुत्र गौतम जी मीणा निवासी केरवास थाना प्रतापगढ़ बुधवार सुबह करीब 6 बजे बाइक से अपने घर से ससुराल मोररूडी थाना सालमगढ़ जाने के लिए निकला था। इसी दौरान वह सेवना क्षेत्र में अचेत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलने पर नाकुराम का साला सुखराम कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और उसे अचेत अवस्था में निकटवर्ती सालमगढ़ अस्पताल ले गए।
उपचार के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया। जहां बुधवार देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सालमगढ़ थाना पुलिस जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची। गुरुवार को मृतक के भाई देवीलाल ने रिपोर्ट दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
खेती-बाड़ी से चलता था परिवार का गुजारा
मृतक खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो पुत्र हैं, जिनमें एक नवमी कक्षा और दूसरा दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। सहायक पुलिस उप निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि "मामले में रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।" पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
