प्रतापगढ़ जिले के दलोट ब्लॉक स्थित जीरावता ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामवासी धरना-प्रदर्शन करेंगे।

प्रशासक भेरूलाल मीणा ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक करीब 310 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय को वर्ष 2021-22 में उच्च प्राथमिक से माध्यमिक तथा वर्ष 2022-23 में उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया था। इसके बावजूद वर्तमान में विद्यालय में केवल 5 कार्मिक ही कार्यरत हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक और व्याख्याता के सभी पद रिक्त हैं, जबकि वर्तमान में कार्यरत सभी शिक्षक तृतीय श्रेणी के हैं। कला संकाय में हिंदी साहित्य, संस्कृत साहित्य और इतिहास विषयों के शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से विद्यालय में तत्काल आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि 10 दिनों के भीतर नियुक्तियां नहीं हुईं तो ग्रामवासी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर ग्राम पंचायत जीरावता के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर जिला कलेक्टर को सौंपा।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story