प्रतापगढ़ में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सट्टेबाजी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। जांच में करीब 12 करोड़ 75 लाख रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है, जो इस अवैध कारोबार के व्यापक नेटवर्क की ओर इशारा करता है।

पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जौधा और पुलिस उप अधीक्षक गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्रशिक्षु आरपीएस राहुल गोयल, थाना हथुनिया और थाना प्रतापगढ़ पुलिस, डीएसटी टीम, क्यूआरटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। 8 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि शहर के सर्वोदय स्कूल के पास एक फार्महाउस में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर छापा मारा। फार्महाउस की पहली मंजिल पर बने हॉल में 6 युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और डिजिटल भुगतान का खेल

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 8-10 दिनों से संगठित रूप से आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहे थे। Star66-co और Diamondexch.com जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराई जाती थी। ग्राहक रुपये जमा कर पॉइंट्स के रूप में दांव लगाते थे और जीतने पर भुगतान फोनपे जैसी डिजिटल सेवाओं के माध्यम से किया जाता था। पूरे नेटवर्क का संचालन अंकित डोशी द्वारा किया जा रहा था, जो मौके पर मौजूद नहीं था और सीसीटीवी के जरिए दूर से निगरानी कर रहा था।

भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और करोड़ों का हिसाब बरामद

मौके से पुलिस ने 6 लैपटॉप, 38 मोबाइल फोन, 48 सिम कार्ड, चार्जर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाई-फाई डिवाइस, सीसीटीवी कैमरा, एटीएम कार्ड, पांच लाल डायरियां और एक रजिस्टर जब्त किया। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डाटा में अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 तक करीब 12 करोड़ 54 लाख रुपये के लेन-देन का विस्तृत हिसाब मिला है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, आरपीजीओ एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य सरगना अंकित डोशी की तलाश जारी है।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईपीएल जैसे बड़े आयोजनों की आड़ में चल रही सट्टेबाजी पर यह कार्रवाई बड़ा प्रहार है। "जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।"

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story