प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांच इमली में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग बनाना और उन्हें आधुनिक दौर की चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराधों से निपटने हेतु तैयार करना रहा।

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न आसान तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में डटकर स्वयं की रक्षा कर सकें। पुलिस टीम ने तकनीकी सुरक्षा पर जोर देते हुए राजकोप सिटीजन एप की कार्यप्रणाली और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही, बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए राज्य स्तर पर संचालित 'ऑपरेशन गरिमा' के तहत छेड़छाड़ एवं अनैतिक व्यवहार से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए।

छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (आपातकालीन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (गरिमा हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के महत्व से अवगत कराते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। विधिक जागरूकता के क्रम में बालिकाओं को पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर होने वाले शोषण के विरुद्ध उपलब्ध कड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से पनपने वाले अपराधों, उनकी कानूनी कार्यवाहियों और दुष्परिणामों के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी गई। आत्मविश्वास बढ़ाने वाली इस पहल ने बालिकाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाया है, ताकि वे हर परिस्थिति में सही निर्णय लेकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story