प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर पिकअप से टक्कर मारकर पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी कुशाल खान को गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रिक्रिएशन कराया गया। पुलिस के अनुसार वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गई थी और घटना से पहले मृतकों की रैकी भी की गई थी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

6 सितंबर को अवलेश्वर टोल के आगे बसाड़ गांव की सरहद में पिकअप से टक्कर मारकर पिता-पुत्र की हत्या की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस मुख्य आरोपी कुशाल खान को कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर लेकर पहुंची। वहां पुलिस ने उससे घटनास्थल की तस्दीक कराई और यह समझने का प्रयास किया कि किस तरह पिकअप से टक्कर मारकर वारदात को अंजाम दिया गया। इस दौरान आरोपी लंगड़ाता हुआ चलता नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने घटनास्थल पर वारदात का सीन रिक्रिएशन कराया।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद 17 सितंबर को हुसैन खान पठान, उम्र 36 वर्ष, निवासी अम्बावली थाना धोलापानी और अलीम खान पठान, उम्र 52 वर्ष, निवासी घोटारसी थाना हथुनिया को गिरफ्तार किया गया।

मृतकों के परिजन की रिपोर्ट के अनुसार मृतक पिता ने करीब तीन साल पहले कुशाल खान से सात लाख रुपये उधार लिए थे। कुछ राशि वापस करने के बावजूद कुशाल खान द्वारा ब्याज पर ब्याज जोड़कर रकम मांगने की बात सामने आई। इसी रुपयों के विवाद को लेकर 6 सितंबर को पिता-पुत्र मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ जा रहे थे।

आरोप है कि अवलेश्वर टोल के आगे बसाड़ की सरहद में कुशाल खान ने पिकअप से पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक अनुसंधान के दौरान हुसैन खान की भूमिका घटना से पहले रैकी करने वाले लोगों को आर्थिक मदद और संसाधन उपलब्ध कराने तथा घटना के बाद मोबाइल फोन और वाहन उपलब्ध कराने में सामने आई है। वहीं अलीम खान की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की थीं। प्रतापगढ़ थाना पुलिस की टीम ने जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस वारदात में प्रयुक्त पिकअप, रैकी, आरोपियों के बीच संपर्क और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story