सरकारी चरनोट भूमि पर आदतन अपराधी जरीन खां का अवैध निर्माण ध्वस्त, बुलडोजर कार्रवाई से प्रशासन का सख्त संदेश
प्रतापगढ़ के अरनोद में आदतन अपराधी जरीन खां का सरकारी चरनोट भूमि पर बना अवैध निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त, कार्रवाई के पीछे की पूरी कहानी जानिए।

अरनोद में सरकारी भूमि पर की गई कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान।
प्रतापगढ़ जिले में अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अरनोद क्षेत्र के आदतन अपराधी जरीन खां द्वारा सरकारी चरनोट भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई न्यायालय तहसीलदार अरनोद के प्रकरण संख्या 24/2026 में पारित आदेश की पालना में जिला प्रशासन के निर्देशन तथा अरनोद तहसीलदार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा भी मौके पर मौजूद रहे।
कार्रवाई राजस्व ग्राम नौगांवा की आराजी संख्या 104 पर की गई। कुल 1.74 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली यह भूमि चरनोट गौचर श्रेणी की सरकारी भूमि है। आरोप है कि जरीन खां पिता महमूद खां निवासी नौगांवा ने इस भूमि के लगभग 0.02 हेक्टेयर हिस्से पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिया था। तहसीलदार अरनोद द्वारा 9 जुलाई को जारी पत्र के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई, जिसके लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए।
कार्रवाई को संवेदनशील मानते हुए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर पुलिस लाइन प्रतापगढ़ सहित अरनोद, रठांजना, धमोत्तर, कोटड़ी, हथुनिया, प्रतापगढ़ और सुहागपुरा थाना क्षेत्रों से उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल स्तर का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। साथ ही पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरा और हेलमेट कैमरे के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जरीन खां आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ अरनोद, कालूखेड़ा तथा प्रतापगढ़ सहित विभिन्न थानों में हत्या, साक्ष्य मिटाने, घर में घुसकर मारपीट, चोरी, जानलेवा हमला तथा एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में उसे न्यायालय से सजा हो चुकी है, जबकि कई प्रकरण अभी विचाराधीन हैं।
जरीन खां के परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर बताया गया है। उसके बेटे शाहरुख के खिलाफ केरल के कन्नूर जिले के थलिश्शेरी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी) और 29 के तहत मादक पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज है, जिसमें चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका है। दूसरे बेटे सलमान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित मारपीट और धमकी के कुल पांच मामले दर्ज हैं। तीसरे बेटे अरबाज के खिलाफ भी केरल के कन्नूर जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज है।
प्रतापगढ़ पुलिस की ओर से हाल के समय में नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में तस्करों की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। दूसरी ओर जिला प्रशासन सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए निर्माणों के विरुद्ध बुलडोजर कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले, अपराध के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और अपराधियों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे सरकारी भूमि की सुरक्षा और कानून के राज को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
