प्रतापगढ़: जिला स्तरीय बैंकिंग समीक्षा बैठक में योजनाओं की हुई समीक्षा
जिला कलेक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन और बीमा दावों के भुगतान पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतापगढ़ मिनी सचिवालय सभागार में जिला कलेक्टर शुभम चौधरी (बाएं से दूसरी) लाभार्थियों को बीमा दावा राशि के चेक प्रदान करते हुए।
प्रतापगढ़। मिनी सचिवालय सभागार में मंगलवार को जिला कलेक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकिंग समीक्षा समिति (डीएलआरसी) एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा योजनाओं और लंबित प्रकरणों की व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट का बारीकी से विश्लेषण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा बैंक प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) ने जिले के सभी बैंकों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विभिन्न वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों, नए बैंक खातों के संचालन तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर बीमा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को दावा राशि के चेक भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत सुरपुर निवासी मृतक सूरजमल मीणा की नॉमिनी सीता मीणा को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दलोट निवासी मृतक सागर देवी कुमावत के नॉमिनी पुत्र भगवतीलाल कुमावत को भी दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
अंत में, जिला कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और आमजन को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में जीएम डीआईसी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रबंधक और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
