प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित क्वार्टर में महिला कॉन्स्टेबल द्वारा आत्महत्या किए जाने के गंभीर मामले को लेकर सर्व समाज संगठन, करणी सेना, समस्त राजपूत संगठनों एवं सजग नागरिकों की ओर से पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

ज्ञापन में बताया गया कि छोटीसादड़ी थाना परिसर के क्वार्टर में वरमंडल निवासी महिला कॉन्स्टेबल द्वारा की गई आत्महत्या की घटना अत्यंत दुखद और संवेदनशील है। इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग की महिला कर्मियों, बल्कि पूरे पुलिस परिवार एवं समाज में गहरा आघात पहुंचाया है। संगठनों ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर मृतका के परिजनों तथा आमजन में भारी शोक और आक्रोश का वातावरण है।

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई कि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय एवं संबल प्रदान करने के उद्देश्य से उनके किसी एक आश्रित या परिजन को बिना किसी प्रशासनिक विलंब के शीघ्र सरकारी सेवा में अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। साथ ही पुलिस विभाग एवं राज्य सरकार की ओर से तत्काल उचित आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे परिवार को इस कठिन समय में राहत मिल सके।

इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी रखी गई, ताकि आत्महत्या के पीछे यदि किसी प्रकार का मानसिक दबाव, प्रताड़ना, कार्यस्थल का तनाव या अन्य कारण रहा हो तो उसका पूर्ण रूप से खुलासा हो सके। संगठनों ने यह भी कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और बिना किसी दबाव के की जानी चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि जांच के दौरान थाना या विभाग के किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा प्रताड़ना, लापरवाही या दबाव डालने जैसी कोई भी स्थिति सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों एवं एफएसएल टीम की रिपोर्ट को पूरी पारदर्शिता के साथ जांच में शामिल करने की मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की शंका की गुंजाइश न रहे।

इस दौरान संगठनों ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की अपील की। ज्ञापन पर सर्व समाज संगठन प्रतापगढ़, करणी सेना प्रतापगढ़, समस्त राजपूत संगठन एवं सजग नागरिकों के हस्ताक्षर भी मौजूद रहे। इधर पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद मामले में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई संपन्न की गई।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story