राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा खेल गांव ऑडिटोरियम में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा में छात्रों, अभिभावकों और युवाओं के साथ किए गए संवाद को डिस्प्ले प्रोजेक्टर के माध्यम से आमजन, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिखाया गया।

कार्यक्रम के दौरान नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षाओं के रद्द होने से छात्रों को होने वाली परेशानियों, बढ़ते मानसिक तनाव तथा छात्र आत्महत्याओं जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए छात्र हितों से जुड़े विषयों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार संबंधी सुझावों को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला प्रभारी लाल सिंह झाला मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत ने की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामलाल मीणा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष नेहा शर्मा, जिला संगठन महासचिव उदयलाल अहीर सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छात्र उत्सव भावसार, आईआईटी दिल्ली के छात्र दिलखुश मीणा, चार्टर्ड अकाउंटेंट रोहित मूंदड़ा तथा शिक्षाविद शशिकांत लबाना ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में प्रतापगढ़ क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में पेपर लीक और शैक्षणिक तनाव से हताश होकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं नगर कांग्रेस संगठन महासचिव मनोज सांखला ने किया, जबकि आभार जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत ने व्यक्त किया। छात्रों से जुड़े मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और युवा भविष्य की चिंताओं पर केंद्रित यह कार्यक्रम प्रतापगढ़ में शिक्षा और छात्र हितों को लेकर गंभीर विमर्श का मंच बना।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story