अफीम तस्करों पर कार्रवाई: अरनोद में 1 किलो अफीम और नकदी जब्त
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ब्रेजा कार, मोटरसाइकिल और 4.70 लाख रुपये नकद बरामद किए।

प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाने के बाहर जब्त की गई कार, मोटरसाइकिल और खड़े पुलिसकर्मी।
प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई इस कार्रवाई में जोधपुर निवासी श्रवणराम जाट और राजेन्द्र उर्फ राजू ब्राह्मण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 4 लाख 70 हजार रुपए नकद, एक ब्रेजा कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद वृत्ताधिकारी चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरनोद के गौतम नगर में हिमाक्षी होटल के सामने स्थित एक मकान में अफीम और डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मकान मालिक जेठाराम मौके से फरार हो गया।
मकान की तलाशी के दौरान वहां मौजूद श्रवणराम और राजेन्द्र उर्फ राजू के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में रखी 1 किलो 45 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों से अफीम रखने के वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान से 4 लाख 70 हजार रुपए नकद भी जब्त किए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इस राशि को मकान मालिक की और अफीम की खरीद-फरोख्त से अर्जित होना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब फरार मकान मालिक जेठाराम की तलाश कर रही है। साथ ही, अफीम और डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल के लिए अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में अवैध अफीम की बरामदगी के साथ नकदी और वाहनों की जब्ती ने पुलिस जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
