प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ शहर में मकर संक्रांति की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किला परिसर क्षेत्र से दूध लेने निकली एक मासूम बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। कलेजे के टुकड़े के अचानक ओझल हो जाने से परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन प्रतापगढ़ पुलिस की अभूतपूर्व सक्रियता और तकनीकी कौशल ने महज कुछ ही घंटों के भीतर इस अनहोनी को सुखद अंत में बदल दिया। सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश के नीमच रेलवे स्टेशन से बालिका को सुरक्षित बरामद कर पुलिस ने खाकी का मान बढ़ाया है।

घटनाक्रम के अनुसार, किला परिसर निवासी सुरेंद्र सिंह की सुपुत्री यशस्वी 14 जनवरी की शाम करीब 5 बजे अपनी साइकिल लेकर कस्बा चौकी के पास दूध लेने के लिए घर से निकली थी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी यशस्वी घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता गहरी हो गई। आसपास तलाश करने के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो अनहोनी की आशंका के बीच तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा तत्काल हरकत में आया और ऑपरेशन 'यशस्वी' शुरू किया गया।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव ने मोर्चा संभाला। कोतवाली थाना क्षेत्र से पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गईं। शहर में सुरक्षा की दृष्टि से लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला कि बालिका प्रतापगढ़ बस स्टैंड से मंदसौर जाने वाली बस में सवार हुई थी और वहां से रेलवे स्टेशन के जरिए ट्रेन में बैठकर आगे निकल गई।

साक्ष्यों के आधार पर प्रतापगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच, रतलाम और पिपल्यामंडी सहित आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट मोड पर डाल दिया। लगातार मॉनिटरिंग और सटीक लोकेशन के आधार पर नीमच रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बालिका यशस्वी को सुरक्षित डिटेन कर लिया। पुलिस संरक्षण में उसे वापस प्रतापगढ़ लाया गया है, जहाँ उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई ने न केवल एक परिवार की खुशियां लौटाई हैं, बल्कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया है। पुलिस के इस मानवीय और पेशेवर चेहरे की पूरे शहर में सराहना हो रही है, वहीं यशस्वी के परिजनों ने पुलिस प्रशासन का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story