प्रतापगढ़ में एम्बुलेंस से अफीम डोडाचूरा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने पीपलखूंट-माही पुलिया रोड पर नाकाबंदी कर एम्बुलेंस से करीब 46 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किया।

तस्वीर में एम्बुलेंस से बरामद किए गए मादक पदार्थों के कट्टे और वह एम्बुलेंस दिखाई दे रही है जिसे पुलिस ने जब्त किया है।
प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के अंतर्गत पुलिस थाना पीपलखूंट और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एम्बुलेंस के रूप में उपयोग की जा रही एक बोलेरो गाड़ी से 46 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। इस तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त एम्बुलेंस को भी जब्त कर लिया गया है। जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में संचालित की गई। थानाधिकारी छबीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम पीपलखूंट-माही पुलिया रोड पर सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक एम्बुलेंस बोलेरो को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने पुलिस की नाकाबंदी को तोड़ने का दुस्साहस किया, किंतु बैरिकेड्स लगे होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रुकवा लिया।
वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें चार कट्टों में छिपाकर रखा गया 46 किलो 390 ग्राम अधकुचला अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ और एम्बुलेंस दोनों को जब्त कर लिया। इस मामले में चालक मुबारिक शाह (32), निवासी तलाई मोहल्ला, प्रतापगढ़ तथा उसके साथी मोहम्मद सलीम (42), निवासी आबकारी रोड, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पीपलखूंट थाने में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। इस संपूर्ण कार्रवाई में पीपलखूंट थाना पुलिस, डीएसटी, साइबर सेल तथा क्यूआरटी टीम के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे जिले में मादक पदार्थों के तस्करों के मंसूबों पर प्रभावी प्रहार हुआ है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
