प्रतापगढ़ शहर के मंदसौर रोड स्थित एक स्पा सेंटर में कार्यरत युवक की आत्महत्या के मामले ने नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। आत्महत्या से पहले मृतक द्वारा बनाया गया वीडियो सामने आने के बाद इस प्रकरण ने न केवल पुलिस जांच की दिशा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि परिजनों के आक्रोश को भी और गहरा कर दिया है। वीडियो में युवक ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है, इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई न होने से परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के माही मानितपुरा, जावरा निवासी कृष उर्फ आशीष प्रतापगढ़ शहर के एक स्पा सेंटर में कार्यरत था। 11 दिसंबर 2025 को उसने मंदसौर रोड स्थित उसी स्पा सेंटर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का दर्ज किया गया, लेकिन जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया।

मृतक के परिजनों का कहना है कि आत्महत्या से पूर्व कृष उर्फ आशीष ने अपने मोबाइल फोन में कई वीडियो रिकॉर्ड किए थे। इन वीडियो में उसने स्पष्ट रूप से कहा है कि उसकी पत्नी शिवांगी उसकी मानसिक पीड़ा की मुख्य वजह है और उसी के कारण वह यह कदम उठा रहा है। परिजनों के अनुसार, इन वीडियो की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दी गई थी और यह भी सामने आया है कि पुलिस ने कुछ वीडियो देखे हैं।

मृतक के भाई अमित रावल ने आरोप लगाया कि इतने अहम साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस ने केवल औपचारिक बयान दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया और पत्नी शिवांगी को बिना किसी ठोस पूछताछ के छोड़ दिया गया। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि मोबाइल की साइबर और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई संभव होगी।

न्याय की आस में मृतक के परिजनों ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। परिवार ने मोबाइल फोन की साइबर व फॉरेंसिक रिपोर्ट शीघ्र मंगाने, सभी वीडियो साक्ष्यों की विधिवत जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग रखी है। परिजनों का कहना है कि वे किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं करेंगे और अंतिम सांस तक न्याय के लिए संघर्ष करेंगे। यह मामला अब केवल एक आत्महत्या नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की संवेदनशीलता और जांच प्रक्रिया की गंभीर परीक्षा बनता जा रहा है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story