प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा मंडल में रविवार को विकास की नई इबारत लिखी गई, जब राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक हेमंत मीणा ने क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सुहागपुरा मंडल के दौरे के दौरान आयोजित भव्य समारोह में मंत्री मीणा ने विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रीय विकास को नई दिशा दी।

मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि जनता जनार्दन ही उनकी वास्तविक शक्ति है और वे जनता को ही अपना ‘माई-बाप’ मानते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आमजन की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री मीणा ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के चलते प्रदेश में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, इसके लिए वे स्वयं निरंतर निगरानी कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री हेमंत मीणा ने मौके पर ही जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस पहल से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और उम्मीद का भाव देखने को मिला।

समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रतापगढ़ प्रधान रमेश मीणा ने पंचायती राज व्यवस्था को लोकतंत्र की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि ग्रामीणों को अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग कर ईमानदार और कर्मठ जनप्रतिनिधियों का चयन करना चाहिए। उन्होंने समाज को गुमराह करने वाले भ्रामक प्रचार और कुरीतियों से सतर्क रहने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर सुहागपुरा विकास अधिकारी नानुराम मीणा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संगठन की ओर से पूर्व जिला परिषद सदस्य ओंकारलाल मीणा, पूर्व सरपंच नवलाराम मीणा, मंडल महामंत्री श्यामलाल मीणा, उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मीणा, मंडल मंत्री नारायणलाल, गणेश मीणा, प्रभुलाल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और मातृशक्ति की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान की।

विकास कार्यों की निरंतर श्रृंखला, मंत्री का सहज संवाद और जनसुनवाई की सक्रियता से सुहागपुरा मंडल में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला। यह आयोजन न केवल क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि सरकार और जनता के बीच संवाद को भी मजबूत करने वाला रहा।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story