मेवाड़ यादव महापंचायत की संयुक्त बैठक में समाज सुधार पर मंथन
रेलमगरा में यादव समाज की बैठक में सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों और आवरी माता सराय निर्माण कार्य पर चर्चा की गई।

रेलमगरा स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में मेवाड़ यादव महापंचायत एवं सामूहिक विवाह समिति की संयुक्त बैठक में मौजूद पदाधिकारी और समाजजन।
मेवाड़ यादव महापंचायत एवं मेवाड़ यादव समाज सामूहिक विवाह समिति की एक संयुक्त एवं निर्णायक बैठक रविवार को रेलमगरा स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में संपन्न हुई। संपूर्ण मेवाड़ की दोनों कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मेवाड़ यादव महापंचायत के अध्यक्ष सोहन लाल यादव, मेवाड़ यादव सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष करण सिंह यादव एवं पूर्व अध्यक्ष प्रशांत यादव ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य यादव समाज के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, सामाजिक हितों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मंथन करना था।
समारोह में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने युवा पीढ़ी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा आगामी सामूहिक विवाह परिचय सम्मेलन को अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए रूपरेखा तैयार की। इस दौरान वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने परिचय सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और उपस्थित सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं। सामाजिक कुरीतियों के पूर्ण उन्मूलन एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। बैठक में चित्तौड़गढ़ जिले के आवरी माता स्थित यादव समाज की सराय के वांछित निर्माण कार्य को गति देने के लिए एक नव निर्माण कमेटी का भी गठन किया गया। नवनिर्वाचित एवं पूर्व कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों समाजजनों ने समाज हित में लिए गए सभी निर्णयों का पुरजोर समर्थन किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज के निरंतर विकास एवं उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
