प्रतापगढ़। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना हथुनिया पुलिस ने बागलिया गांव के समीप जंगल क्षेत्र में संचालित अवैध एमडी निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 28.54 ग्राम अवैध एमडी, निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों का पूरा सेटअप और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ गजेन्द्रसिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हथुनिया उदयवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। 29 दिसंबर 2025 को थाना हथुनिया पुलिस की गश्त के दौरान बागलिया से टकरावद जाने वाले मार्ग पर जंगल में आग जलती हुई दिखाई दी। पुलिस ने पैदल पहुंचकर जांच की, जहां एक पक्का पानी का कुआं और काले प्लास्टिक तिरपाल से बनी अस्थायी झोपड़ी मिली।

झोपड़ी के बाहर चारपाई पर बैठे युवक को देखकर वह घबरा गया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम करीम पिता गन्नी अजमेरी (21 वर्ष), निवासी बागलिया, थाना हथुनिया बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 28.54 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ।

झोपड़ी के अंदर एमडी बनाने में प्रयुक्त उपकरणों का पूरा सेटअप भी पाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह फैक्ट्री हारून पिता मोहम्मद अजमेरी द्वारा स्थापित की गई थी और करीम अजमेरी इसकी निगरानी कर रहा था। मौके से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस मामले में पुलिस ने करीम अजमेरी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जबकि नामजद आरोपी हारून अजमेरी की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि हारून अजमेरी पूर्व में भी कई बार एमडी का निर्माण कर उसकी सप्लाई कर चुका है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले चार प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ जिले में पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस भंडाफोड़ से प्रतापगढ़ जिले में नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण और सप्लाई के खिलाफ पुलिस की सतत vigilance और कार्रवाई की गंभीरता सामने आई है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story