छोटीसादड़ी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई हल्का गश्त के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को 130 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

सालमगढ़ थाना अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस जाप्ता नियमित गश्त पर रवाना होकर पिंगथली फांटे पर पहुंचा था। इसी दौरान अचनारा की ओर से आती एक मोटरसाइकिल पुलिस को देखकर अचानक दिशा बदलकर वापस जाने लगी, जिससे संदेह गहरा गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने बाइक को रुकवाया और चालक से पूछताछ की।

पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम गोतम पिता कोयला, जाति धोरी, उम्र 60 वर्ष, निवासी सिराखंड नागदी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 130 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अफीम और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मामले में मादक पदार्थों से संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story