वीर शिरोमणि एवं राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की जयंती पर छोटीसादड़ी में श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा का संदेश दिया गया।

बुधवार को नया बस स्टैंड स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर जयंती समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप के संघर्षमय जीवन, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान मनोहर लाल आंजना ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, स्वाभिमान की रक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमृतलाल बंडी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश जाट, हरीश आंजना एजुकेशन सोसायटी के सचिव डॉ. जगन्नाथ सोलंकी, नगर कांग्रेस महासचिव नरेंद्र राव मराठा, पूर्व पार्षद अरविन्द नाहर, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय कुमार यादव, भरत खटीक, सुरेश जटिया, सरपंच जगदीश प्रसाद मीणा, बंशीलाल मीणा, पूर्व सरपंच कमलेश टांक, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम तेली, प्रदीप आमेटा, अनिल शर्मा उर्फ कालीचरण, बसन्तीलाल यादव, अशोक देवड़ा, मोनू बन्ना, ओमप्रकाश शर्मा उर्फ टीटू, महिपाल साहू, पारस बंडी, देवा उपाध्याय, प्रवीण मीणा, मथरालाल इंदौरा, आलेख डुग्गू, अरुण यादव, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अभिषेक नागौरी बबलू, टोनू बन्ना, मानवेंद्र सिंह झाला, राकेश यादव, देवीलाल खटीक, लक्की जायसवाल, देवीलाल मेघवाल, लोकेश जायसवाल, मुकेश यादव, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जयंती समारोह के उपरांत आयोजित रक्तदान शिविर का अतिथियों ने अवलोकन किया। इस दौरान कई अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वयं रक्तदान कर समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया। वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम का समापन “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित जनों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि और सेवा के इस आयोजन ने समाज के प्रति जिम्मेदारी तथा राष्ट्रनायकों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story