प्रतापगढ़ के सेवना में हमला करने वाला तेंदुआ पकड़ा गया, उदयपुर भेजा जाएगा
वन विभाग और ट्रेंकुलाइजर टीम ने ड्रोन की मदद से तेंदुए को पकड़ा, दो ग्रामीणों को घायल करने के बाद इलाके में थी दहशत।

प्रतापगढ़ के सेवना गांव में ग्रामीणों पर हमला करने के बाद वन विभाग द्वारा रेस्क्यू कर पिंजरे में कैद किया गया तेंदुआ।
प्रतापगढ़ जिले के सेवना गांव में शनिवार सुबह ग्रामीणों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले तेंदुए को वन विभाग ने कई घंटों चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में बंद कर दिया। प्रतापगढ़ वन विभाग और उदयपुर की ट्रेंकुलाइजर टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जिसमें ड्रोन और ट्रेंकुलाइजर गन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन संचालित किया गया।
जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने सुबह ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सुबह करीब 10 बजे वन विभाग की टीम और उदयपुर से ट्रेंकुलाइजर विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू के दौरान तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई और ड्रोन के माध्यम से इलाके की मॉनिटरिंग की जाती रही।
सर्च ऑपरेशन के दौरान तेंदुआ एक पुलिया के नीचे दिखाई दिया, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस टीम ने पुलिया के दोनों ओर घेराबंदी की, लेकिन तेंदुआ वहां से निकल गया। इसके बाद सतर्कता बढ़ाते हुए ट्रेंकुलाइजर गन से तेंदुए को डार्ट किया गया, जिससे वह दोबारा पुलिया के नीचे चला गया। इस दौरान टीम ने एक ओर पिंजरा लगाकर पुलिया को बंद किया, लेकिन कुछ देर बाद तेंदुआ फिर सक्रिय हो गया।
इसके पश्चात प्रतापगढ़ वन विभाग और उदयपुर की टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर दोबारा ट्रेंकुलाइजर गन से डार्ट किया, जिससे तेंदुआ अचेत हो गया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में डालकर रेस्क्यू पूरा किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे और कई घंटों तक दहशत एवं उत्सुकता का माहौल बना रहा।
इस संयुक्त अभियान में डीएफओ सुरेश अग्रवाल, रेंजर दिलीप सिंह, उदयपुर ट्रेंकुलाइजर टीम के अजीत सिंह राणावत, शूटर द्वारका प्रसाद शर्मा, जितेंद्र सिंह देवड़ा, अशोक नारायण जोशी, तहसीलदार सत्यनारायण शर्मा, नायब तहसीलदार नारायण मीणा और सालमगढ़ वनपाल सनाराण मीणा सहित वन विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे। वन विभाग ने ड्रोन और ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से अभियान को सफल बनाया। तेंदुए को आवश्यक चिकित्सीय जांच और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उदयपुर चिड़ियाघर भेजने की तैयारी की जा रही है। कई घंटों की मेहनत के बाद पूरा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
