प्रतापगढ़ में होटल-लॉज पर सख्ती, ई-विजिटर पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री होगी अनिवार्य
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में आयोजित बैठक में होटलों एवं लॉज में ठहरने वाले आगंतुकों की एसएसओ आईडी के माध्यम से ई-विजिटर पोर्टल पर अनिवार्य एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस लाइन स्थित पुलिस सभागार में आयोजित बैठक के दौरान (मंच पर) जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा जिले के समस्त होटल एवं लॉज संचालकों को ई-विजिटर पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाते हुए।
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा होटलों एवं लॉज में ठहरने वाले आगंतुकों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने ई-विजिटर पोर्टल के क्रियान्वयन की कवायद तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित पुलिस सभागार में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा की मौजूदगी में जिले के सभी होटल एवं लॉज संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों ने होटलों और लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अनिवार्य एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने राजस्थान सरकार एवं गृह विभाग के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा लागू ई-विजिटर पोर्टल के तहत सभी आगंतुकों का विवरण ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य है। इसके लिए संचालकों को अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से ई-विजिटर पोर्टल पर प्रत्येक आगंतुक की जानकारी दर्ज करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जिले के सभी होटल एवं लॉज संचालकों को आगामी दो दिनों के भीतर अपनी एसएसओ आईडी संबंधित थाना अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी, ताकि आगंतुकों की नियमित ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी होटल या लॉज में बिना एंट्री के कोई व्यक्ति ठहरता है और भविष्य में किसी प्रकार की घटना या दुर्घटना घटित होती है, तो संबंधित संचालक की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।
बैठक के दौरान होटलों में संभावित अवैध गतिविधियों की रोकथाम, अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, अनधिकृत रूप से ठहरने वाले यात्रियों की जानकारी तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और प्रत्येक आगंतुक का सत्यापन एवं रिकॉर्ड संधारण पूरी गंभीरता के साथ करने की अपील की।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि ई-विजिटर पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन से अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और जिले की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। बैठक में उपस्थित होटल एवं लॉज संचालकों ने भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा आगंतुकों की ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने का भरोसा जताया।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
