प्रतापगढ़ जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि गैरकानूनी गतिविधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में न केवल अवैध मदिरा निर्माण पर प्रहार किया गया, बल्कि बड़े पैमाने पर वॉश नष्ट कर अवैध कारोबार की जड़ों पर चोट की गई।

आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी योगेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक रमेश चौधरी (प्रतापगढ़) और सुरेश कुमार (छोटीसादड़ी) सहित प्रतापगढ़, धरियावद एवं छोटीसादड़ी क्षेत्रों की टीमों ने संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई की।

सलामगढ़, रायपुर, घंटाली और पीपलखूंट क्षेत्रों में की गई रेड, गश्त और दबिश के दौरान अवैध हथकढ़ मदिरा से जुड़े कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान लगभग 7000 लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे अवैध मदिरा निर्माण की संभावनाओं को गंभीर रूप से रोका जा सका।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार अवैध मदिरा न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि जनस्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा निरंतर निगरानी और सख्त प्रवर्तन की नीति अपनाई जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत साप्ताहिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध मदिरा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से जिले में अवैध मदिरा के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story