धरियावद क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से जारी प्रचंड गर्मी नित नए रिकॉर्ड बना रही है। बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों ने एक ओर आमजन को बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर बाजारों और सड़कों पर वीरानी छा गई है। तापमान 45 डिग्री से अधिक पहुंचने के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

इसी बीच ब्लॉक के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत नन्हें-मुन्ने मासूम विद्यार्थी भीषण गर्मी के बीच स्कूल जाने और भरी दुपहरी में चिलचिलाती धूप के बीच घर लौटने को मजबूर हैं। तेज लू के जानलेवा थपेड़ों के बीच विद्यार्थियों की यह स्थिति अभिभावकों की चिंता का कारण बन गई है। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में लू लगने और बीमार होने की आशंका लगातार बढ़ रही है।

स्थिति को गंभीर मानते हुए अभिभावकों एवं कुछ जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने धरियावद क्षेत्र में गर्मी की तीव्रता को देखते हुए ब्लॉक के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 5 तक के विद्यार्थियों के स्कूल समय में परिवर्तन की आवश्यकता जताई है।

मांग के अनुसार, भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूल समय को सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि छोटे बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

तेज गर्मी के बीच उठी यह मांग अब प्रशासनिक निर्णय की प्रतीक्षा में है, जिससे मासूम विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story