धरियावद: केशरपुरा स्कूल में साइबर अपराध जागरूकता पर विधिक साक्षरता कार्यक्रम
एसीजेएम सरफराज नवाज की अध्यक्षता में छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

धरियावद के केशरपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित विधिक साक्षरता कार्यक्रम के दौरान मंचासीन न्यायिक अधिकारी और उपस्थित छात्र।
धरियावद 10 अप्रैल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे” अभियान के अंतर्गत तालुका विधिक सेवा समिति, धरियावद के तत्वावधान में शुक्रवार को धरियावद ब्लॉक के ग्रामीण अंचल केशरपुरा पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केशरपुरा में साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग विषय पर विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विधिक साक्षरता एवं सुरक्षा मार्गदर्शन
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सरफराज नवाज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया ठगी, ओटीपी साझा करने के खतरे, फेक लिंक और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड जैसे मामलों पर विस्तार से जानकारी दी।
सावधानी और बचाव के उपाय
विद्यार्थियों को किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता, पासवर्ड, ओटीपी या आधार संबंधी जानकारी साझा न करें। साथ ही सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि "विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होना अनिवार्य है।"
हेल्पलाइन और शिकायत प्रक्रिया
कार्यक्रम में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं ऑनलाइन शिकायत पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई। इस दौरान पैनल अधिवक्ता कमलेश नागौरी, हरिसिंह कोठारी, केशुलाल मीणा, आरपीएस प्रशिक्षु थानाधिकारी शक्ति दायमा, प्रधानाचार्य प्रभुलाल, पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित विद्यार्थी मौजूद थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
