धरियावद: जैन समाज ने विश्व णमोकार महामंत्र के अवसर पर किया सामूहिक जाप
धरियावद के विभिन्न मंदिरों और उपाश्रयों में श्रावकों ने एकजुट होकर विश्व शांति एवं अहिंसा की कामना के साथ सामूहिक आराधना संपन्न की।

धरियावद के विभिन्न जैन मंदिरों में गुरुवार सुबह सामूहिक णमोकार महामंत्र जाप के दौरान उमड़ी श्रावकों की भीड़, वरिष्ठजनों ने आत्मशुद्धि के लिए मंत्र की महत्ता बताई।
धरियावद में विश्व णमोकार महामंत्र के अवसर पर धरियावद जैन समाज द्वारा मंदिरों एवं उपाश्रय में सामूहिक जाप और विविध आयोजन किए गए। इस दौरान धरियावद नगर के विभिन्न जैन मंदिरों और उपाश्रयों में गुरुवार सुबह 8 बजे से 9 बजकर 30 मिनट तक विश्व णमोकार महामंत्र के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व णमोकार महामंत्र जाप के दौरान धरियावद के विभिन्न जैनमंदिरो में हुए सामूहिक नमोकार महामंत्र के जाप में श्रावकों ने विश्व एवं भारत देश में शांति और अहिंसा की कामना की।
श्रद्धा और भक्ति का संगम
नगर के चंद्र प्रभु मंदिर, महावीर मंदिर, चंद्र प्रभु उद्यान, शीतलनाथ मंदिर उपाश्रय और जैन स्थानकवासी संघ महावीर आराधना भवन सहित कई स्थानों एवं घरों पर समाजजनों द्वारा सामूहिक जाप कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। सभी श्रद्धालु पारंपरिक पूजा परिधानों में सुसज्जित होकर एकत्रित हुए और पूरे अनुशासन एवं भक्ति भाव से करीब एक घंटे तक णमोकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया जिसमे बच्चों से लेकर युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
आध्यात्मिक ऊर्जा और जन कल्याण
जाप के दौरान पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ। धरियावद जैन समाज के श्रावकों ने नमोकार महामंत्र के जरिए विश्व शांति, अहिंसा और समस्त जीवों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर आयोजित सभा में समाज के वरिष्ठजनों ने णमोकार महामंत्र की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि "यह मंत्र आत्मशुद्धि और विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
