धरियावद क्षेत्र में आसमान से आग बरसाती प्रचंड गर्मी का दौर लगातार जारी है। तेज गर्मी और लू के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया, जबकि आमजन तेज गर्मी से बेहाल और परेशान दिखाई दिए।

दिनों-दिन बढ़ती गर्मी के साथ अधिकतम तापमान अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए लगातार नए आंकड़े दर्ज कर रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो बीते 4 सालों में 2022 के बाद अप्रैल माह का सबसे अधिक तापमान रहा।

रविवार सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़े शुरू हो गए, जिनसे देर शाम तक कोई राहत नहीं मिली। गर्मी की तीव्रता इतनी अधिक रही कि घरों और दुकानों में लगे कूलर, पंखे और एसी भी बेअसर साबित हुए।

दिन के साथ-साथ रात का न्यूनतम तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। रातभर चली गर्म हवाओं ने आमजन की नींद में खलल डाला। आलोक ऋतु वेधशाला के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।

धरियावद में लगातार बढ़ती गर्मी और टूटते तापमान के रिकॉर्ड ने आमजन के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है, जहां राहत के कोई संकेत फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।

Next Story