ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रतिबंध, नकली दवाइयों की बिक्री पर रोक सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को धरियावद नगर के मेडिकल स्टोर बंद रहे। ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में धरियावद के केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद का समर्थन करते हुए अपने-अपने मेडिकल स्टोर बंद रखे। मेडिकल स्टोर बंद रहने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से दवाइयां लेने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान केमिस्ट और मेडिकल व्यापारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार से पारंपरिक मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, साथ ही मरीजों की सेहत पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

दोपहर बाद केमिस्ट व्यापारी सामूहिक रूप से उपखंड कार्यालय पहुंचे। यहां व्यापारियों ने हाथों में अपनी मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने धरियावद तहसीलदार संदीप जैन को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा नकली दवाइयों की बिक्री पर सख्त रोक लगाने की मांग की।

मेडिकल व्यापारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरियावद में मेडिकल स्टोर बंद रहने और हुए विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में दवा कारोबार से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर केंद्र में ला दिया है।

Next Story