प्रतापगढ़। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत धमोतर पंचायत समिति भवन के निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। मंगलवार को विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता मुकेश महेश्वरी ने निर्माणाधीन भवन का औचक निरीक्षण किया, जहां गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जमकर धज्जियां उड़ी मिलीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथावथ ने उनका स्वागत किया, जबकि विकास अधिकारी सत्य प्रकाश विजयवर्गीय और सहायक अभियंता रमेश कुमार मेघवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पाया कि जैन कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा यह कार्य पिछले चार वर्षों से अधिक समय से अधर में लटका हुआ है। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि अधूरा निर्माण होने के बावजूद संबंधित एजेंसी को एक करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। भवन की संरचना में जगह-जगह दरारें, छत के निर्माण में गंभीर खामियां और तकनीकी दोष पाए गए, जो स्पष्ट करते हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं किया गया।

इस गंभीर स्थिति पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता मुकेश महेश्वरी ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधूरे कार्यों को तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। महेश्वरी ने बताया कि धमोतर के साथ-साथ सुहागपुर एवं दलोट पंचायत समितियों का भी निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है, ताकि क्षेत्र में विकास की गति को पुनः पटरी पर लाया जा सके। करोड़ों के भुगतान के बाद भी भवन की यह जर्जर स्थिति विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story