छोटीसादडी। प्रदेश के मुखिया भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उपखंड क्षेत्र के बम्बोरी गांव में न केवल रात्रि प्रवास किया, बल्कि ग्राम विकास चौपाल के माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी को भी पाट दिया। मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर ग्रामीण परिवेश के बीच किसानों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बेहद आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खेती, सिंचाई, सड़क, पेयजल, रोजगार, शिक्षा और जनजातीय विकास जैसे धरातली मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर गांव की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बदलते समय की मांग को रेखांकित करते हुए कहा कि किसानों को अब लाभकारी खेती और आधुनिक तकनीक को अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने आगामी 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले विशाल आयोजन “ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-ग्राम 2026” की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योगपति किसानों को नई दिशा देंगे। उन्होंने कृषकों को प्राकृतिक खेती, ड्रिप सिंचाई, सोलर ऊर्जा और जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया।

चौपाल में महिला सशक्तीकरण की गूंज स्पष्ट सुनाई दी, जहां उपस्थित महिलाओं ने लखपति दीदी, बैंक सखी और कृषि सखी जैसी योजनाओं से उनके जीवन में आए क्रांतिकारी बदलावों को मुख्यमंत्री के समक्ष साझा किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने गौरव के साथ उल्लेख किया कि राज्य सरकार ने लखपति दीदी योजना के तहत 21 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया है, जिनमें से 16 लाख महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने महिलाओं को समाज और सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी बनने का आह्वान किया। वहीं, युवाओं से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पिछले ढाई वर्षों में उनकी सरकार ने पेपरलीक जैसी कुरीतियों पर प्रभावी अंकुश लगाकर भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की है, जिस पर युवाओं ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बम्बोरी में महिला सशक्तीकरण की एक अनूठी और प्रेरक तस्वीर भी उभरकर सामने आई। मंच पर महिला प्रभारी मंत्री, महिला संभागीय आयुक्त, महिला कलेक्टर और महिला सरपंच की एक साथ उपस्थिति देख मुख्यमंत्री ने इसकी मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के सांस्कृतिक पक्ष में आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक गैर नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं भी शामिल हुए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। जनकल्याण की दिशा में त्वरित कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने बम्बोरी तालाब के सौंदर्यीकरण और गांव में सरस डेयरी बूथ खोलने के निर्देश प्रदान किए। इस महत्वपूर्ण चौपाल में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, राज्य मंत्री गौतम कुमार दक, डॉ. मंजू बाघमार, सांसद सीपी जोशी, विधायक श्री चंद कृपलानी और जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Shelendra Singh Yadav(Pratapgarh)

Shelendra Singh Yadav(Pratapgarh)

नाम: शैलेन्द्र सिंह यादव (Shelendra Singh Yadav)

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)

अनुभव: 10 वर्षों से अधिक

परिचय 

शैलेन्द्र सिंह यादव राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले छोटीसादड़ी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर सामाजिक, धार्मिक एवं जमीनी हकीकत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और समाचार एकत्रित कर उन्हें प्रकाशित करने का कार्य करते हैं।

बीट और कवरेज (Beats & Coverage)

वह अपने कार्यक्षेत्र से निम्नलिखित सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं:

  • राजनीति: स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव और जनप्रतिनिधियों से जुड़े समाचार।
  • क्राइम: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था और अपराध से संबंधित मामले।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय और विकास कार्य।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduate) की डिग्री हासिल की

Next Story