छोटीसादड़ी। होली पर्व के अवसर पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से आयोजित महाशिवरात्रि मेले के छठे दिन कृषि मंडी प्रागण में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्ति संगीत और रामदरबार की झांकियों ने पूरे पंडाल को भक्तिमय वातावरण में डुबो दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। भजन संध्या में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक भगवत सुथार और भजन गायिका आकृति मिश्रा ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने हेला पे हेलो देऊ मारी माँ सोना रा झांझर बाजना, ओ लीलण म्हारी जइजे जइजे..., मेरी शेरावाली मां तेरी हर बात अच्छी है, सुन रे सांवरा मंडफिया वाला, काली गाड़ी लानी है, घणा गरीबा ने सेठ बनाया, अबकी बारी मारी है..., राम-राम जय श्री राम... जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम उठे और तालियों व जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान हो गया।




कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की जीवंत झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने स्वच्छता का संदेश भी दिया।

भजन संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में नृसिंह मंदिर के महंत बालक दास, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निंबाहेड़ा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भाजपा जिला प्रवक्ता रामचंद्र माली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पूर्व पार्षद भेरूलाल मोहिल, भाजपा नगर महामंत्री अजीत दुग्गड़ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने सभी अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी और उपरणा पहनाकर स्वागत किया।

भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लिया और महाशिवरात्रि मेले के धार्मिक माहौल को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story