छोटी सादड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने अपना बहुमत बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। शुक्रवार को हुए मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश प्रसाद मीणा को 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नाथूलाल मीणा को केवल 3 सदस्यों का समर्थन मिला। निर्वाचन अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल ने जगदीश प्रसाद मीणा को प्रधान निर्वाचित घोषित किया। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

पंचायत समिति के राजीव गांधी सभागृह में प्रधान पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश प्रसाद मीणा ने पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। वहीं, भाजपा की ओर से नाथूलाल मीणा ने प्रधान पद के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

गौरतलब है कि छोटी सादड़ी पंचायत समिति के 19 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 15 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया था, जबकि भाजपा को 4 सीटें मिली थीं। इस परिणाम के चलते प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही थी। दिनभर चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी रहा।

प्रधान पद के लिए मतदान में कांग्रेस के 15 सदस्यों ने अपने प्रत्याशी जगदीश प्रसाद मीणा के पक्ष में वोट दिया, जबकि भाजपा प्रत्याशी नाथूलाल मीणा को 3 मत मिले। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल ने परिणाम घोषित किया और 15 मत प्राप्त करने वाले जगदीश प्रसाद मीणा को छोटी सादड़ी पंचायत समिति का प्रधान निर्वाचित घोषित किया।

जीत की घोषणा के बाद पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि छोटी सादड़ी क्षेत्र में 81 प्रतिशत मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है, जो ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 के बाद दूसरी बार इतना मतदान हुआ है। आंजना ने कहा कि यदि भाजपा सरकार बजट आवंटन में क्षेत्र के साथ पक्षपात करती है तो इसके विरोध में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी की मंशा के अनुरूप जगदीश प्रसाद मीणा को प्रधान बनाया गया है और आमजन की भावनाओं के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल, डिप्टी रामेश्वरलाल, तहसीलदार दिव्यशकांत परमार, प्रशिक्षु तहसीलदार अनीता आंजना, सीआई कैलाशचंद्र सोनी और भू-अभिलेख निरीक्षक दीपक राज भाटी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Shelendra Singh Yadav(Pratapgarh)

Shelendra Singh Yadav(Pratapgarh)

नाम: शैलेन्द्र सिंह यादव (Shelendra Singh Yadav)

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)

अनुभव: 10 वर्षों से अधिक

परिचय 

शैलेन्द्र सिंह यादव राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले छोटीसादड़ी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर सामाजिक, धार्मिक एवं जमीनी हकीकत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और समाचार एकत्रित कर उन्हें प्रकाशित करने का कार्य करते हैं।

बीट और कवरेज (Beats & Coverage)

वह अपने कार्यक्षेत्र से निम्नलिखित सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं:

  • राजनीति: स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव और जनप्रतिनिधियों से जुड़े समाचार।
  • क्राइम: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था और अपराध से संबंधित मामले।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय और विकास कार्य।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduate) की डिग्री हासिल की

Next Story