चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-56) पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। गलियाकोट से जियारत कर लौट रहे परिवार की क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े पत्थरों से भरे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, पीपलखूंट थाना क्षेत्र के लांबा डाबरा गांव के समीप रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। प्रतापगढ़ निवासी सादिक बोहरा अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ गलियाकोट जियारत के लिए गए थे। वापसी के दौरान उनकी क्रूजर सड़क किनारे खड़े पत्थरों से भरे ट्रेलर से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीपलखूंट पुलिस उपाधीक्षक सुनील जाखड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में प्रतापगढ़ निवासी 86 वर्षीय सादिक अब्बास की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं 19 वर्षीय सायरा बोहरा ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार, सायरा की महज दो दिन पहले ही सगाई हुई थी और परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।

थानाधिकारी छबिलाल ने बताया कि दुर्घटना में जायरा बोहरा (55), सकीना बोहरा (20), अलजिया बोहरा (20), कुलसुम बोहरा (70) तथा चालक अजय सिंह (30) घायल हुए हैं। इनमें जायरा बोहरा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल एक परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को भी एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Dilip Sen, Pratapgarh

Dilip Sen, Pratapgarh

नाम: दिलीप सेन

वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म

परिचय 

दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक भास्कर
  • सीधा सवाल
  • सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
  • प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।

Next Story