छोटीसादड़ी मौसम अपडेट: बेमौसम बारिश से खेतों में कटी गेहूं की फसल को नुकसान
छोटीसादड़ी उपखण्ड में बदले मौसम और आंधी से किसान परेशान, कटी हुई गेहूं की फसल और चारे को सुरक्षित खलियान तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे।

छोटीसादड़ी। उपखण्ड क्षेत्र में पल-पल मौसम बदल रहा है। जहां भीषण गर्मी का असर तो नहीं दिख रहा है, लेकिन मौसम ने ऐसी करवट बदली कि हवा-आंधी ने परेशानियां खड़ी कर दी हैं। आसमान में जहां बादल मंडरा रहे हैं, और तेज गति से चलती हवाओं के दौर व आंधियों को देख किसानों की चिंता बढ़ गई है।
फसलों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता
इन दिनों खेतों में गेहूं की फसलों की कटाई चल रही है। जिन खेतों में गेहूं की उपज खड़ी है और कटी हुई पड़ी है उन किसानों को मौसम डरा रहा है। सुबह होते ही किसान उपज को समेटने में जुट गए। अब किसान जल्द उपज को सुरक्षित खलियान व घर पहुंचाने के लिए तैयारी कर रहे हैं। इस समय तेज बारिश होती है तो खेतों में नुकसान की आशंका बनी हुई है।
थ्रेसिंग के बाद चारे की सुरक्षा पर संकट
वही कई किसानों ने थ्रेसिंग कर उपज तो निकाल ली है लेकिन पशुओं के वर्ष भर आहार की पूर्ति करने वाला सुखला अभी भी खेतों में पड़ा है। यदि बारिश हुई तो इसके भी खराब होने की संभावना बनी हुई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
