छोटीसादड़ी में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित दो वॉटर ट्रीटमेंट प्लांटों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नगर क्षेत्र में एक प्लांट यादव मोहल्ला स्थित महात्मा गांधी विद्यालय के पास निर्माणाधीन है, जबकि दूसरा नगर पालिका द्वारा बच्चों के श्मशान घाट क्षेत्र में प्रस्तावित किया गया है। दोनों स्थानों को लेकर आमजन ने गंभीर चिंता जताते हुए विरोध दर्ज कराया है।

महात्मा गांधी विद्यालय के समीप बनाए जा रहे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि भविष्य में प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ आसपास अध्ययनरत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। वहीं बच्चों के श्मशान घाट पर प्रस्तावित प्लांट को भी कई दृष्टिकोणों से अनुपयुक्त बताया जा रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता मनीष उपाध्याय ने नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी मुकेश मोहिल को प्रार्थना पत्र सौंपकर बच्चों के श्मशान घाट क्षेत्र में प्रस्तावित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया कि संबंधित भूमि बच्चों के अंतिम संस्कार एवं दफन के लिए उपयोग में ली जाती है। ऐसे में प्लांट निर्माण के बाद भविष्य में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं रहने की आशंका है।

प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया कि संबंधित क्षेत्र में नालियों के पानी का पर्याप्त ठहराव एवं संग्रहण नहीं होता, जिससे प्रस्तावित प्लांट की उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मनीष उपाध्याय ने सुझाव दिया कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को गोमाना दरवाजा के आगे उस स्थान पर स्थापित किया जाए, जहां नगर की अधिकांश नालियों का पानी एकत्रित होता है। उनका कहना है कि इससे प्लांट का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा होगा तथा राज्य सरकार के धन का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

जनहित और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्थान पर पुनर्विचार की मांग अब नगर में प्रमुख मुद्दा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेकर उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story