छोटीसादडी: टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
अचलपुरा मार्ग पर स्थित भोले केटर्स के गोदाम में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है, दमकल और स्थानीय लोगों ने मिलकर काबू पाया।

छोटीसादडी के अचलपुरा मार्ग पर गुरुवार को टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी और स्थानीय ग्रामीण।
छोटीसादडी में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब नगर के पुराना अचलपुरा मार्ग स्थित भोले केटर्स एंड टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गोदाम से अचानक आग की लपटें उठना शुरू हुईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही आसपास के खेत की बोरवेल से भी पानी की व्यवस्था कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। गोदाम में रखे टेंट, कुर्सियां, सजावटी सामान और अन्य जरूरी उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और अग्नि प्रबंधन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लाखों के नुकसान ने व्यवसाय पर गहरा प्रभाव डाला है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
