छोटीसादड़ी: दुकान में आग लगाने वाले तीन आरोपी सुकड़ के जंगलों से गिरफ्तार
उधार सामान न देने पर बरवाड़ा नाका में दुकान फूंकने और कार में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।

छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने बरवाड़ा नाका क्षेत्र में दुकान में आगजनी और वाहन तोड़फोड़ के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाड़ा नाका में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दुकानदार द्वारा उधार सामान देने से मना करने पर दबंगों ने न केवल दुकान को आग के हवाले कर दिया, बल्कि घर के बाहर खड़े वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटनाक्रम के अनुसार, 9 मई 2026 को बरवाड़ा नाका निवासी राधेश्याम रेगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी किराना, टायर पंचर और वेल्डिंग की दुकान है। परिवादी ने बताया कि 8 मई की रात करीब 9 बजे लक्ष्मण मोग्या अपने साथी कन्हैयालाल और कंवरलाल मोग्या के साथ दुकान पर आया और उधार सामान की मांग की। राधेश्याम द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपियों ने विवाद किया और देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके पश्चात रात करीब 10:30 बजे आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पुनः आए और राधेश्याम के घर के बाहर खड़ी ओमनी कार के कांच फोड़कर उसमें तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, आक्रोशित आरोपियों ने दुकान के भीतर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मेघपुरा और आसपास के दुर्गम जंगलों में लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना और कड़े प्रयासों के बाद पुलिस ने सुकड़ के जंगलों से घेराबंदी कर आरोपी कंवरलाल, लालाराम और ताराचंद मोग्या को धर दबोचा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश हेतु सघन अनुसंधान जारी है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली इस घटना पर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
