छोटीसादड़ी। प्रतापगढ़-निंबाहेड़ा नेशनल हाईवे-56 पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हुए इस हृदयविदारक हादसे में एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलिया गांव निवासी गोविंद सिंह पुत्र मदन सिंह राजपूत रविवार रात अपने घर से निंबाहेड़ा के लिए निकला था। वह वहां आयोजित एक कार्यक्रम में हलवाई के रूप में कार्य करने जा रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। नेशनल हाईवे-56 पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और लहुलुहान अवस्था में युवक को जयचंद मोहिल राजकीय उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सालय में डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के पश्चात गोविंद सिंह को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर नगर में फैली, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महामंत्री अजीत दुग्गड़ और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। वर्तमान में पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story