छोटीसादड़ी: रंग तेरस पर चारभुजा नाथ की शोभायात्रा और भारी उत्साह
छोटीसादड़ी में होली के तेरह दिन बाद प्राकृतिक रंगों से खेली गई होली, भगवान चारभुजा नाथ की सवारी में उमड़े श्रद्धालु और पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा।

छोटीसादड़ी के प्रसिद्ध श्री चारभुजा नाथ मंदिर से रंग तेरस के अवसर पर निकाली गई भगवान की सवारी जिसमें श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाकर पर्व मनाया।
छोटीसादड़ी नगर सहित ग्रामीण अंचल में मंगलवार को रंग तेरस का त्यौहार धूमधाम के साथ मनाया गया, जहाँ जिले में होली के तेरह दिन बाद सात रंगों का यह रंगीन पर्व हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। सुबह से ही नगर सहित उपखंड क्षेत्र में रंग-बिरंगे रंग, गुलाल और पिचकारियाँ लेकर बच्चे और बड़े टोलियों के रूप में प्रमुख बाजारों से निकलने शुरू हो गए एवं एक-दूसरे को रंग लगाते हुए होली की बधाई देते हुए गले मिलते नजर आए।
महिलाओं और युवाओं में दिखा भारी उत्साह
त्योहार मनाने में महिलाएं और युवतियां भी पीछे नहीं रही, वे भी अपनी सखियों और सहेलियों को रंग लगाकर होली मनाती नजर आयीं। दोपहर तक हर गली क्षेत्र में कही डीजे की धुन पर तो कही ढोल की थाप पर महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे थिरकते नजर आए। महिलाओं ने भी जम कर होली खेली और युवाओं की टोलियों ने उत्सव का आनंद लिया।
प्राकृतिक रंगों का प्रयोग और प्रशासनिक व्यवस्था
इस रंग तेरस पर रंग-बिरंगे गुलाल और अबीर की जगह प्राकृतिक रंगों का उपयोग भी किया गया। उपखण्ड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इस बार जमकर रंग बरसा और हर कोई रंग तेरस के दिन होली के रंग में रंगा नजर आया। वहीं, रंग तेरस के त्यौहार को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भी कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। जगह-जगह प्रमुख जगहों पर पुलिस के जवान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैद रहें। साथ ही गांव में रास्ते और सड़क रोककर वाहन चालकों से पैसे वसूली करने वाले लोगों पर भी पुलिस की विशेष निगाह रखी गई।
चारभुजा मन्दिर संघ ने निकाली शोभायात्रा
शहर के प्रसिद्ध और प्रमुख श्री चारभुजा नाथ मंदिर से ट्रॉली में आरूढ़ होकर भगवान भी रंग तेरस पर रंग की होली खेलते भक्तों के साथ डीजे पर भजनों की धुन के साथ शहर में निकले। भक्तों ने भी दर्शन कर भगवान चारभुजा नाथ की प्रतिमा पर गुलाल उड़ाकर रंग तेरस खेली। शहर में निकली इस शोभायात्रा में संघ के पदाधिकारियों सहित महिलाओं एवं पुरुषों सहित युवाओं ने भाग लिया। यह शोभायात्रा चारभुजा मन्दिर प्रांगण से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः चारभुजा मन्दिर पहुँची।

Dilip Sen, Pratapgarh
नाम: दिलीप सेन
वर्तमान पद: रिपोर्टर, जिला मुख्यालय (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: प्रतापगढ़ जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, और धर्म-कर्म
परिचय
दिलीप सेन राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले और जिला मुख्यालय से जुड़े आपराधिक मामलों (क्राइम), स्थानीय राजनीति और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों (धर्म-कर्म) की खबरों को कवर करते हैं। इन विषयों में उनकी विशेष रुचि और अच्छी पकड़ है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
दिलीप सेन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न प्रिंट और डिजिटल न्यूज़ चैनलों के साथ काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक भास्कर
- सीधा सवाल
- सच बेधड़क न्यूज़ चैनल
- प्रातः काल (जिसके साथ वह साल 2025 से निरंतर जुड़े हुए हैं)
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास तक पूरी की है।
