छोटीसादड़ी। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत स्थानीय थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में विगत तीन वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी रामेश्वर लाल के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस वांछित अपराधी तक पहुँचकर उसे सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 3 अगस्त 2023 को तत्कालीन थाना प्रभारी गोपाल सिंह को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ अफीम की भारी खेप लेकर छोटीसादड़ी की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने गोमाना पुलिया के निकट नाकाबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन से बंटुलाल पिता उदयलाल लबाना, निवासी मानपुरा, थाना धमोतर और घनश्याम पिता गोवर्धन लाल सुथार, निवासी बगवास, थाना प्रतापगढ़ को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 02 किलो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई थी, जिसके बाद थाना छोटीसादड़ी में प्रकरण दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस तस्करी में अनिल पिता रतन लाल लबाना, उम्र 29 वर्ष, निवासी टाण्डा, थाना धमोतर, जिला प्रतापगढ़ की संलिप्तता उजागर हुई थी। घटना के बाद से ही अनिल लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। सीआई प्रवीण टांक ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने लंबी जद्दोजहद के बाद आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से जब्तशुदा अफीम के स्रोत और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story