छोटीसादड़ी। डोडाचूरा तस्करी के कुख्यात एवं इनामी बदमाश कमल राणा को फरारी के दौरान पनाह देने और सहयोग करने के मामले में छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए लंबे समय से चकमा दे रहे वांछित आरोपी रविन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र सिंह उर्फ मोनू पंजाबी (42) पुत्र अज्ञात, निवासी मलमजरा, थाना चब्बेवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) को पंजाब से दबोच लिया है।

यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह तथा वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। थाना प्रभारी (सीआई) प्रवीण टांक के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए पंजाब में दबिश देकर इस वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन में सीआई प्रवीण टांक के साथ हेड कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल मुकेश काजला, रामराज और धर्मेन्द्र सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य अपराधी कमल सिंह राणा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई संगीन वारदातों में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से कुल 70 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कमल राणा के खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने, लूट, हत्या, अपहरण, धोखाधड़ी, चोरी, फिरौती वसूलने और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिसिया जांच और अनुसंधान में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कमल राणा को पुलिस की गिरफ्त से बचाने के लिए विभिन्न राज्यों और स्थानों पर छिपने के ठिकाने (शरण) उपलब्ध करवाए जाते थे। इसके साथ ही उसे एक सुरक्षित स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में भी तस्कर गिरोह के सदस्य मदद करते थे। इतना ही नहीं, कमल राणा द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध रूप से अर्जित की गई अकूत संपत्तियों के संरक्षण, रख-रखाव और देखभाल में भी कुछ सफेदपोश व सहयोगियों की संदिग्ध भूमिका उजागर हुई है।

इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क और तस्करी के मामले में छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं 27(क), 28, 29 एवं 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर रखा है। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 23 आरोपियों को नामजद कर चुकी है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अब वांछित आरोपी मोनू पंजाबी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे कमल राणा के नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों, शरणदाताओं और तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल सहयोगियों के संबंध में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story