छोटीसादड़ी में अफीम खरीद शुरू, हिंदू धर्मशाला में 3524 काश्तकारों की होगी तुलाई
प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच अफीम तौल प्रक्रिया प्रारंभ, सीसीटीवी कैमरों और आर्म्स गार्ड की निगरानी में 22 अप्रैल तक चलेगा कार्य।

छोटीसादड़ी के हिंदू धर्मशाला परिसर में जिला अफीम अधिकारी के निर्देशन में अफीम की तुलाई करवाते किसान और तैनात नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी।
छोटीसादड़ी। उपखण्ड क्षेत्र के काश्तकारों से अफीम खरीदी शुक्रवार से शुरू हो गई है। अफीम खरीद को लेकर केंद्र पर तैयारियां गुरुवार को ही पूर्ण हो चुकी थी। अफीम का तौल कराने किसान केंद्र पर गुरुवार को ही पहुंच गए। उपखण्ड के काश्तकारों की अफीम तुलाई जिला अफीम अधिकारी प्रतापगढ़ द्वितीय खण्ड के निर्देशन में नगर के हिंदू धर्मशाला परिसर में की जा रही है। अफीम को रखने के लिए प्लास्टिक के कंटेनर गुरुवार को साफ़ किए गए। किसानों को गर्मी से राहत देने के लिए विभाग द्वारा पंखे-कूलर तथा शीतल पानी की समुचित व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सीसीटीवी से निगरानी
विभाग द्वारा हिन्दू धर्मशाला परिसर में बनाए गए अफीम खरीद केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। केंद्र पर लगाए गए इन कैमरों से सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और सभी कैमरों से रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से आम्र्स गार्ड की टुकड़ी केंद्र पर तैनात की गई है, जो काश्तकारों की गाड़ी की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
3524 काश्तकारों की होगी तुलाई: पहले दिन 176 किसानों ने तौला अफीम
नारकोटिक्स विभाग के निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि "तहसील के लगभग 3524 काश्तकारों के अफीम की तौल करायी जाएगी।" उन्होंने जानकारी दी कि "खण्ड की अफीम की तौल 03 अप्रैल से 22 अप्रेल तक की जाएगी।" पहले दिन शुक्रवार को बसेड़ी कुंडल अ, ब, राजपुरा, बंबोरा जागीर अ, ब, शोपुर व जलोदिया खुर्द के कुल 179 में से 176 किसानों की अफीम तौली गई, जबकि दो किसान अपनी अफीम लेकर तुलाई केंद्र पर नहीं पहुंचे। इन गांवों के काश्तकारों की हाजिरी गुरुवार को हुई थी, जिनकी अफीम की तुलाई का कार्य शुक्रवार को संपन्न हुआ।
आज इन गांवों के काश्तकारों का होगा अफीम तौल
जिला अफीम अधिकारी आशीष भटनागर ने बताया कि शुक्रवार शाम को मोहड़िया, नारानि, रंभावली, देवली, मानपुरा भाटिया, चाह खेड़ी और हड़मतिया कुंडल गांव के 340 किसानों की हाजिरी होगी, जिनका तौल शनिवार सुबह किया जाएगा। तौल प्रक्रिया के दौरान नारकोटिक्स विभाग के निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उप निरीक्षक हिमांशु सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। विभाग का मुख्य लक्ष्य यह है कि तौल केंद्र में किसानों को कोई परेशानी नहीं उठानी पड़े, इसके लिए विभाग की ओर से छाया, पानी और अन्य आवश्यक बंदोबस्त किए गए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
