छोटीसादड़ी। नगर पालिका की ओर से होली पर्व पर आयोजित आठ दिवसीय महाशिवरात्रि मेले के पांचवें दिन गुरुवार रात सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि उपज मंडी मेला प्रांगण में पालिका द्वारा आयोजित राजस्थानी आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में मेलार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा के रंगारंग कार्यक्रमों ने माहौल को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में एसडीएम यतींद्र पोरवाल, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जेईएन संदीप भावसार, भाजपा जिला प्रवक्ता रामचंद्र माली आदि ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच पर कलाकारों ने राजस्थानी व फिल्मी गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

सुरीले राजस्थानी और फिल्मी गीतों की धूम

जैसे ही मंच से "गोरी गोरी गजबण बणी-ठणी मुजरौं-मुजरौं खम्मा घणी..., बयान मारी गजब"....ओ म्हारी घूमर के नखराळी ऐ माँ घूमर रमवा म्हें जास्यॉ..., चुनरी चुनरी, चुनरी-चुनरी..., कुण रे खुदाया कुआँ, बावड़ी ए पणिहारी जी रे लो..., हल्दी घाटी में समर लड्यो, वो चेतक रो असवार कठे, तेरी नजर स..." और "मुझको राणा जी माफ करना गलती मारे से हो गई..." जैसे लोकप्रिय गीत गूंजे, वैसे ही दर्शक भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ झूम उठे। कई दर्शक खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए और कार्यक्रम स्थल में उत्साह का माहौल बन गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार राखी रंगीली, इंस्टाग्राम फेम कोमल, पिंकी कोटा और समीर लाडला ने राजस्थानी गीतों पर दमदार और मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कलाकारों की ऊर्जा और आकर्षक नृत्य ने पूरे मेला प्रांगण को उत्सवमय बना दिया।

अतिथियों का स्वागत और उपस्थिति

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की। अतिथि के रूप में पश्चिमी मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, जिला उपाध्यक्ष वरदीचंद धाकड़, जिला परिषद सदस्य दलपत मीणा, भाजपा जिला प्रवक्ता रामचंद्र माली, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसपाल गुर्जर, कैलाश गुर्जर, प्रकाश कुमावत, रामबिलास साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल, जेईएन संदीप भावसार, कैलाश शर्मा, अर्जुन खारोल सहित पालिका परिवार ने किया।

सिर पर कलश और दो गैस सिलेंडर रखकर महावीर ने बांधा समा

मेला मंच पर कलाकार महावीर की अनोखी और रोमांचक प्रस्तुति ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया, उन्होंने अपने सिर पर पहले कांच का गिलास और कलश संतुलित किया, इसके बाद हैरतअंगेज अंदाज में दो गैस सिलेंडर भी सिर पर रखकर राजस्थानी लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। संतुलन और कला का अद्‌भुत संगम दिखाते हुए महावीर ने पारंपरिक राजस्थानी गीतों की धुन पर शानदार नृत्य किया, जिसे देख दर्शक दंग रह गए। उनकी इस अनूठी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया और पूरे पंडाल में वाहवाही गूंज उठी। कलाकार की इस रोमांचक कला ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और देर तक दर्शक इस प्रस्तुति की चर्चा करते नजर आए।

पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था और मेले की रौनक

मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जहाँ पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वर लाल और सीआई प्रवीण टांक के नेतृत्व में आरएसी और पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात रहे। नगर पालिका द्वारा आयोजित इस मेले में रोजाना भीड़ बढ़ती जा रही है। रात देर तक झूले-चकरी और मनोरंजन के साधनों पर युवाओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। वहीं मेले में लगी विभिन्न व्यंजनों, मिठाइयों और घरेलू सामान की अस्थाई दुकानों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई। महिलाएं श्रृंगार सामग्री, हार-कंगन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खरीदारी में व्यस्त दिखीं, तो वहीं सेंव, जलेबी और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानों पर भी जमकर रौनक रही। बच्चे खिलौनों की दुकानों पर अपनी पसंद के खिलौनों के लिए अभिभावकों से जिद करते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग रात्रि के समय मेले का आनंद लेने पहुंचे। कुल्फी, गन्ने का रस और ठंडे पेय पदार्थों का स्वाद लेते हुए मेलार्थियों ने देर रात तक मेले की चहल-पहल और मनोरंजन का भरपूर आनंद लिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story